15 मिनट में समाधान: डीएम ने खतौनी संशोधन कर दिलाई राहत



मड़ियाहूं (जौनपुर)।
शनिवार, दिनांक 18 अप्रैल 2026 को तहसील मड़ियाहूं में जिलाधिकारी की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया।
समाधान दिवस में सीतम सराय, रामनगर निवासी मंगला सिंह ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि उनके आधार कार्ड में नाम “मंगला सिंह” दर्ज है, जबकि खतौनी में “मंगला प्रसाद” अंकित है। नाम में इस विसंगति के कारण उनका फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को नाम संशोधन के निर्देश दिए। परिणामस्वरूप मात्र 15 मिनट के भीतर खतौनी संशोधित कर मंगला सिंह को उपलब्ध करा दी गई।
इसी क्रम में अहिरौली शीतलगंज निवासी राजमणि पटेल ने शिकायत की कि उनकी खतौनी में गलत पता दर्ज है। उन्होंने बताया कि वे अहिरौली के निवासी हैं, जबकि अभिलेखों में उनका पता रिकेरीपुर अंकित हो गया है। इस पर जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तहसीलदार को निर्देशित किया, जिसके बाद उनका पता भी सही करते हुए संशोधित खतौनी उन्हें सौंप दी गई।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में इस त्वरित कार्यवाही से आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष देखने को मिला। अधिकारियों की तत्परता ने यह संदेश दिया कि जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।