रेवाड़ी में भांजी की शादी में पहुंचे अखिलेश यादव, अहीरवाल से CM बनाने की उठाई मांग

रेवाड़ी (हरियाणा)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हरियाणा के रेवाड़ी में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। वह ओल्ड राव पैलेस में अपनी भांजी डॉ. श्वेता की शादी में शरीक हुए और ‘भात’ की रस्म निभाई।
इस दौरान अखिलेश यादव ने राजनीतिक बयान भी दिया। उन्होंने कहा कि अहीरवाल क्षेत्र हरियाणा की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और सरकार बनाने में निर्णायक होता है, इसलिए मुख्यमंत्री भी अहीरवाल क्षेत्र से होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि वह लंबे समय से अहीर रेजिमेंट के गठन के पक्ष में हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात रेजिमेंट का भी गठन होना चाहिए, क्योंकि वहां के लोग अपेक्षाकृत कम संख्या में सेना में भर्ती होते हैं।
अखिलेश यादव के इस बयान को हरियाणा की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है, खासकर आगामी चुनावों के संदर्भ में।