हाथरस थाने में युवक का शव मिलने से हड़कंप, पुलिसकर्मी निलंबित

हाथरस जिले के चंदपा थाने में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव थाने के भीतर मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक बाथरूम में बने रोशनदान से अंगोछे के सहारे लटका हुआ पाया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक गाजियाबाद का रहने वाला था और उसे एक युवती से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए पुलिस हाथरस लेकर आई थी। इससे पहले उस पर युवती के अपहरण का आरोप लगाते हुए गाजियाबाद में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से युवक और युवती के बीच संपर्क होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद युवती के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी।
घटना के बाद थाने में तैनात एक SHO और एक सिपाही को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच उच्च अधिकारियों द्वारा की जा रही है।