मुंगराबादशाहपुर में स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर में अघोषित बिजली कटौती और प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र पर नारेबाजी करते हुए धरना दिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने का आरोप लगाया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से जनता में भारी आक्रोश है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोगों को 24 घंटे में महज 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमारी मिश्रा ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन कटौती और नई व्यवस्था से लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं नगर अध्यक्ष निशु केसरी ने मांग की कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना को वापस लिया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जिला सचिव इरशाद खान, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष यशस्वी सिंह ‘सृजन’, सत्यदेव गुप्ता, चंद्रशेखर शुक्ला, संतोष पांडे, सत्येंद्र विक्रम सिंह, संजीव पांडे, डॉ. अतुल त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights