जौनपुर में बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि: दशकों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण


जौनपुर। जनपद में चकबंदी विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वर्षों से लंबित चकबंदी प्रक्रियाओं को पूर्ण कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि शासन के मार्गदर्शन और सतत समीक्षा के परिणामस्वरूप यह सफलता संभव हो सकी है।
उन्होंने बताया कि ऐसे कई गांव, जहां चकबंदी प्रक्रिया दशकों पहले शुरू हुई थी लेकिन अधूरी रह गई थी, उन्हें वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूरा कर चकबंदी से मुक्त कर दिया गया।
इनमें ग्राम पौहा की चकबंदी 55 वर्ष बाद पूरी हुई, जबकि बेलछा (46 वर्ष), सिहौली (43 वर्ष), मैदासपट्टी (46 वर्ष) और कैलावर (31 वर्ष) में भी लंबित प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
वहीं, नव अधिसूचित गांवों में तेजी से कार्य करते हुए हरिबल्लभपुर में मात्र डेढ़ वर्ष में चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण कर एक मिसाल पेश की गई है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए चकबंदी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े पाली और सुरीश देहाती जैसे गांवों में भी चकबंदी कार्य पूरा कर स्थानीय समस्याओं का समाधान किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह सफलता शासन के निर्देशन, राजस्व विभाग के समन्वय और अधिकारियों-कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights