जौनपुर: जिलाधिकारी ने होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के केंद्रों का किया निरीक्षण

जौनपुर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दूसरे दिन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की पारदर्शिता और सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, टीडी विधि महाविद्यालय सहित कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जांच की।
गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल और गुड़ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो।
इस दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के प्रधानाध्यापकों को गुड़ भी भेंट किया और उसे परीक्षार्थियों में वितरित कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों के लिए भी पेयजल और गुड़ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है और अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। परीक्षा के दौरान उन्होंने अभिभावकों से भी संवाद किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।