लखनऊ में 60,244 नए पुलिस सिपाहियों की पासिंग आउट परेड, सीएम योगी ने ली सलामी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस को आज बड़ी संख्या में नए सिपाही मिले हैं। प्रदेश के 112 ट्रेनिंग सेंटरों में एक साथ आयोजित पासिंग आउट परेड में 60,244 प्रशिक्षु सिपाहियों ने प्रशिक्षण पूरा कर पुलिस बल में औपचारिक रूप से शामिल होने की दिशा में कदम बढ़ाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सलामी ली। इस दौरान वे खुली जिप्सी में परेड का निरीक्षण करते नजर आए और विशेष रूप से महिला जवानों की टुकड़ी को सलामी दी।
कार्यक्रम में डीजीपी राजीव कृष्ण, पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी, लेकिन अब प्रदेश की पुलिस दंगों को होने से पहले ही रोकने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस ने खुद को आधुनिक और सशक्त बनाया है।
सीएम ने बताया कि पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर 13% से 26% तक पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि 20% बेटियों की अनिवार्य भर्ती की नीति लागू की गई है और हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएसी की तीन महिला बटालियन बनाई गई हैं और महिला सुरक्षा पर 2019-20 से लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में गुंडा टैक्स और अवैध वसूली पूरी तरह खत्म हो चुकी है और अपराधियों में पुलिस का खौफ कायम है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस पर आधारित है।
उन्होंने यह भी बताया कि 2017 में जहां प्रशिक्षण क्षमता केवल 3 हजार थी, वहीं अब एक साथ 60 हजार से अधिक सिपाहियों को प्रदेश में ही प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षुओं को आधुनिक हथियारों जैसे इंसास राइफल से भी प्रशिक्षण दिया गया है।
सीएम योगी ने कहा कि “पसीना प्रशिक्षण में बहना चाहिए ताकि भविष्य में खून कम बहाना पड़े।” उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस देश की सबसे सशक्त और अनुशासित पुलिस बल बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
प्रशिक्षण पूरा करने वाले सिपाही अब जल्द ही फील्ड ड्यूटी पर तैनात किए जाएंगे।