जौनपुर: दीक्षांत परेड में 687 रिक्रूट आरक्षियों का शानदार प्रदर्शन

जौनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 24 टोलियों के कुल 687 रिक्रूट आरक्षियों ने नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद आकर्षक परेड प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण रहे। उनके आगमन पर परेड की सुसज्जित टोलियों ने सलामी दी, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत परेड कमांडर द्वारा टोलियों को मैदान में लाने के साथ हुई।
मुख्य अतिथि वैभव कृष्ण ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश की सबसे बड़ी सिविल पुलिस फोर्स है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया में चयनित होना रिक्रूट्स की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है।
उन्होंने प्रशिक्षण को केवल शारीरिक दक्षता नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी बनने की प्रक्रिया बताया। साथ ही कहा कि वर्दी विश्वास, सुरक्षा और न्याय का प्रतीक है, इसलिए हर परिस्थिति में निष्पक्षता और ईमानदारी बनाए रखना जरूरी है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री श्रृष्टि जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।