जौनपुर: रिटायर्ड रेलवे कर्मी से 3 लाख की ऑनलाइन ठगी, बैंक कर्मचारियों पर भी आरोप

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव निवासी एक रिटायर्ड रेलवे कर्मी से साइबर ठगों ने 3 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने इस मामले में बैंक कर्मचारियों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
पीड़ित ओमप्रकाश विश्वकर्मा के अनुसार, उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सिविल लाइन्स शाखा स्थित खाते से 16 से 18 अप्रैल के बीच दो किस्तों में कुल 3 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने बताया कि वह मोबाइल बैंकिंग या किसी भी ऐप का उपयोग नहीं करते हैं।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक में एफडी कराने के दौरान उनकी जानकारी के बिना राशि को इंश्योरेंस प्लान में निवेश कर दिया गया। शिकायत करने पर बैंक कर्मियों ने उचित मदद नहीं की।
ओमप्रकाश ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर ओटीपी लेकर इंश्योरेंस कैंसिल कराने का झांसा दिया। इसके बाद उन्हें जफराबाद स्टेशन पर बुलाया गया और ओटीपी के जरिए उनके खाते से पैसे निकाल लिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने बैंक शाखा प्रबंधक पर भी सहयोग न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।