वाराणसी: भीषण सड़क हादसे में दो की मौत, कई घायल


वाराणसी। सरैया-सारनाथ मार्ग पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पिकअप वाहन पुल से नीचे उतर रहा था, जबकि ऑटो पुराने पुल की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे।
हादसे में 24 वर्षीय निहाल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंचकोशी चौराहे पर ठेला लगाकर जीवनयापन करने वाली 60 वर्षीय श्याम दुलारी देवी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना में ऑटो चालक समेत अन्य यात्री भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया गया, हालांकि कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, आरोपी पिकअप चालक गुड्डू साहू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights