जौनपुर: कोटेदार की कालाबाजारी उजागर, राशन डकारने पर मुकदमा दर्ज
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ग्राम बड़उर निवासी भानपती पत्नी जयप्रकाश ने शिकायत की थी कि अप्रैल माह का राशन लाभार्थियों से अंगूठा लगवाने के बावजूद वितरित नहीं किया गया। शिकायत पर उपजिलाधिकारी शाहगंज के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमिता द्विवेदी, पूर्ति निरीक्षक शिवशंकर यादव और आशुतोष सिंह की टीम ने दुकान व गोदाम का औचक निरीक्षण किया।
जांच में कोटेदार के गोदाम में गेहूं, चावल और चीनी का कोई स्टॉक नहीं मिला, जबकि अभिलेखों में पर्याप्त खाद्यान्न दर्शाया गया था। स्टॉक रजिस्टर और वितरण पंजिका मांगने पर कोटेदार कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने यह भी स्वीकार किया कि निर्धारित गोदाम नहीं है और खाद्यान्न अन्यत्र रखा जाता है, जो नियमों के खिलाफ है।
जांच रिपोर्ट में मार्च और अप्रैल माह के राशन वितरण में भारी गड़बड़ी की पुष्टि हुई। कई कार्डधारकों—रामराज, सुनील, अनारकली, दीपा, फातमा, रमा, श्रीपति, समरथ और भागीरथी समेत अन्य लाभार्थियों ने बयान देकर बताया कि उनसे अंगूठा लगवाया गया, लेकिन राशन नहीं मिला।
पूर्ति विभाग की जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश-2016 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उपजिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद कोटेदार के खिलाफ सरायख्वाजा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पूर्ति निरीक्षक शिवशंकर यादव की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने कहा है कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।