सीएमओ कार्यालय में करंट का कहर: शॉर्ट-सर्किट से प्राइवेट इलेक्ट्रीशियन गंभीर रूप से झुलसा


जौनपुर। मंगलवार दोपहर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बिजली की खराबी ठीक करने के दौरान एक प्राइवेट इलेक्ट्रीशियन शॉर्ट-सर्किट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के चाचकपुर मोहल्ला निवासी योगेश मौर्य (52 वर्ष) पुत्र स्व. प्यारेलाल मौर्य, पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं। मंगलवार को उन्हें सीएमओ कार्यालय में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए बुलाया गया था। काम के दौरान अचानक बिजली के तार आपस में टकरा गए, जिससे तेज धमाके के साथ शॉर्ट-सर्किट हो गया और वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में योगेश मौर्य का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और विशेष निगरानी में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह शॉर्ट-सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights