तुलसी घाट पर जीवंत हुई द्वापर युग की लीला, कालिया नाग के फन पर नाचे भगवान श्रीकृष्ण नागनथैया लीला देखने उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, कदंब की डाल से गंगा में कूदे बाल कृष्ण; हर-हर महादेव और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा घाट
वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में शुक्रवार को सदियों पुरानी परंपरा नागनथैया लीला का भव्य आयोजन हुआ। तुलसी घाट पर आयोजित इस विश्वप्रसिद्ध लीला को देखने के लिए दोपहर से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही शाम 4:40 बजे बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण ने गेंद निकालने के लिए कदंब की डाल से गंगा की लहरों में छलांग लगाई, पूरा घाट जयकारों से गूंज उठा। कुछ ही क्षणों बाद कालिया नाग के फन पर विराजमान होकर नृत्य करते कन्हैया के दर्शन हुए तो श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
लीला में बाल श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे श्रेयन शर्मा ने कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाकर भगवान कृष्ण की बाल लीला को साकार किया। इस रोमांचक दृश्य के दौरान घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालुओं की निगाहें गंगा की लहरों पर टिकी रहीं। कुछ देर बाद कालिया नाग के फन पर सवार कन्हैया का मनोहारी स्वरूप दिखाई दिया। नाग के फन पर नृत्य करते और बांसुरी बजाते बाल कृष्ण के दर्शन कर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने यमुना नदी में रहने वाले विषैले कालिया नाग का मान मर्दन कर उसके अहंकार को समाप्त किया था। इसी प्रसंग को नागनथैया लीला के माध्यम से जीवंत किया जाता है। गंगा की लहरों के बीच इस दृश्य के साकार होते ही तुलसी घाट पर ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के साथ ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष गूंजने लगे।
गोस्वामी तुलसीदास से जुड़ी इस प्राचीन धार्मिक परंपरा का काशी में विशेष महत्व है। नागनथैया लीला के दौरान ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो गंगा ने यमुना का स्वरूप धारण कर लिया हो और काशी में द्वापर युग फिर से लौट आया हो। श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को प्रत्यक्ष देखने का अद्भुत अवसर बना।
इस आयोजन ने एक बार फिर काशी की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की भव्य झलक प्रस्तुत की।