जौनपुर: नगर के अतिव्यस्त इलाके में जर्जर इमारत बनी ‘मौत का साया’

जौनपुर। शहर के अतिव्यस्त क्षेत्र मखदुमशाह अढन मोहल्ले में स्थित एक जर्जर इमारत लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। कल्लू इमामबाड़ा के समीप खड़ी इस पुरानी इमारत के हिस्से लगातार टूटकर सड़क पर गिर रहे हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के निवासियों की जान पर हर समय संकट बना हुआ है। हालांकि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत लंबे समय से जर्जर हालत में है और इसके कई हिस्से पूरी तरह कमजोर होकर गिरने की कगार पर पहुंच चुके हैं। मोहल्ले के संभ्रांत नागरिक श्रीप्रकाश सिंह ने इस गंभीर समस्या को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में मुकदमा दायर किया है। साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है।
मामले की जांच के लिए संबंधित विभाग के इंजीनियर ने मौके पर निरीक्षण किया। अपनी रिपोर्ट में इमारत को जर्जर और खतरनाक घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा इसे ध्वस्त कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।
स्थिति इसलिए और संवेदनशील हो गई है क्योंकि मोहर्रम का महीना निकट है। कल्लू इमामबाड़ा में इस दौरान प्रतिदिन हजारों की संख्या में शिया मुस्लिम समुदाय के लोग मजलिस और मातम में शामिल होते हैं। वहीं हर रविवार को भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं। ऐसे में इस जर्जर इमारत का बने रहना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।
मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इमारत को गिराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर खतरे पर कब कार्रवाई करता है या फिर किसी अनहोनी के बाद ही कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights