शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, साढ़े चार घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा प्रेमी ने टावर पर पहुंचकर मांग में भरा सिंदूर, युवती के नीचे उतरते ही गूंज उठीं तालियां
जौनपुर। जिले के बारीगांव में रविवार की सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया। प्रेमी से शादी करने की जिद में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी ने टावर पर ही युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद युवती नीचे उतरने को राजी हुई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर राहत जताई।
जानकारी के अनुसार, नेहा गौतम और अभिजीत गौतम दोनों कसेरवा बसेरवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि जब नेहा ने अभिजीत से शादी करने की बात कही तो वह पीछे हटने लगा। इससे नाराज होकर रविवार सुबह करीब छह बजे नेहा मोबाइल टावर पर चढ़ गई। खास बात यह रही कि युवती ने खुद ही 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को टावर पर चढ़ने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और दमकल कर्मियों ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। युवती की मांग थी कि उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और वह उसी के हाथों शादी करेगी।
इसके बाद पुलिस ने प्रेमी अभिजीत को तलाश कर मौके पर बुलाया। उसने पहले युवती को समझाने का प्रयास किया। बाद में वह खुद भी मोबाइल टावर पर कुछ ऊंचाई तक चढ़ा, लेकिन अधिक ऊंचाई देखकर घबराने लगा। इस दौरान पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की ओर से लगातार मान-मनौव्वल की कोशिश होती रही।
आखिरकार करीब साढ़े चार घंटे बाद अभिजीत दोबारा टावर पर चढ़ा। युवती भी कुछ नीचे आई। इसी दौरान अभिजीत ने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। प्रेमी के सिंदूर भरते ही नेहा नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और राहत की सांस ली।
घटनाक्रम के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई। बताया जाता है कि नेहा महुआरी जरौटा गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। शादी की मांग को लेकर युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने और प्रेमी द्वारा वहीं सिंदूर भरने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।