लखनऊ पुलिस आरक्षी का वीडियो वायरल, अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप


उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वह इस समय लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हैं।
वीडियो में कांस्टेबल ने आईपीएस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से हर महीने पैसे लिए जाते हैं।
सुनील कुमार शुक्ला के अनुसार, आरआई द्वारा गणना प्रभारी नियुक्त किए जाते हैं, फिर गार्ड कमांडर तैनात होते हैं। आरोप है कि सिपाही और दीवान ड्यूटी लगवाने के लिए प्रति माह लगभग 2000 रुपये जमा करते हैं।
वीडियो में उन्होंने दावा किया कि यह पैसा पहले गणना प्रभारी के पास जाता है, फिर वहां से हिस्सा काटकर आरआई और आगे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाता है।
कांस्टेबल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ कमिश्नरेट में कई स्थानों पर इस तरह की उगाही हो रही है।
फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। मामले में पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights