दुकान खोलने के नाम पर 80 हजार की ठगी, रुपये मांगने पर दिव्यांग युवक की पिटाई
Jaunpur के जफराबाद क्षेत्र में दुकान खोलने के नाम पर 80 हजार रुपये की ठगी और विरोध करने पर दिव्यांग युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कादीपुर निवासी राजनाथ ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 में पौना गांव
निवासी संतोष यादव ने पार्टनरशिप में दुकान खोलने का झांसा देकर उससे 80 हजार रुपये ले लिए। आरोप है कि न तो दुकान खोली गई और न ही रुपये लौटाए गए।
पीड़ित के अनुसार, शनिवार रात चैकिया स्थित यदुवंश स्कूल के पास रुपये मांगने पर आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लात-घूंसों व लोहे की सरिया से हमला कर दिया। हमले में राजनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संतोष यादव और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सिटी को सौंपी गई है।