वाराणसी: 22 हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली विभाग का जेई रंगे हाथ गिरफ्तार

वाराणसी। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) सुखदेव रस्तोगी को 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार टकटकपुर निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने मंशानगर कॉलोनी स्थित अपने नए मकान के लिए अस्थायी विद्युत कनेक्शन हेतु 6 जून को ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि कनेक्शन जारी करने के एवज में जेई ने 22 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन थाना वाराणसी मंडल की टीम ने जाल बिछाया। शुक्रवार को जैसे ही जेई ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान केमिकल परीक्षण में आरोपी के हाथ धुलवाने पर पानी गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। आरोपी के कब्जे से पूरी रकम बरामद कर ली गई है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।