राजस्थान में NDPS कार्रवाई पर बड़ा विवाद, एमपी के दो थाना प्रभारियों समेत करीब 100 लोगों पर एफआईआर

झालावाड़ (राजस्थान)। राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग थाना क्षेत्र में जनवरी 2026 में हुई एक NDPS कार्रवाई को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर मध्य प्रदेश पुलिस के दो थाना प्रभारियों सहित करीब 100 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोपियों में आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, बड़ौद थाना प्रभारी रूप सिंह, एसआई राखी गुर्जर, एएसआई अजय जाट तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।
मामला उस कार्रवाई से जुड़ा है, जिसमें आगर पुलिस ने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद करने का दावा किया था। हालांकि बाद में मामले की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए। बताया गया कि तलाशी और जब्ती से संबंधित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले, कार्रवाई की वीडियोग्राफी नहीं कराई गई तथा स्थानीय राजस्थान पुलिस को पूर्व सूचना दिए बिना दबिश दी गई।
इन तथ्यों को आधार मानते हुए अदालत ने संबंधित अधिकारियों और अन्य आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान अन्य नाम भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया के तहत मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा।