अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

जौनपुर, 19 जून 2026। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों एवं विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शाही किला परिसर में आयोजित किया जाएगा। संभावित भीड़ को देखते हुए उन्होंने क्षेत्राधिकारी यातायात को समुचित यातायात योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिभागियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सहायता के लिए हेल्थ बूथ स्थापित करने तथा आवश्यक दवाएं, चिकित्सकीय उपकरण एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि योग दिवस कार्यक्रम के दौरान पौध वितरण भी किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को पूर्व से ही समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मंच, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आरटीओ को प्रतिभागी छात्रों के आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रत्येक बस में एक महिला कर्मी एवं एक पुलिस कांस्टेबल की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं एनसीसी स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के फोटोग्राफ निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर भी भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए सभी संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, परियोजना निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights