जौनपुर में व्यापार मंडल का प्रदर्शन, मंडी की नई ऐप व्यवस्था और किराया वृद्धि का किया विरोध


जौनपुर। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडी परिषद की नई ऐप व्यवस्था, किराया वृद्धि और ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन नई सब्जी मंडी स्थित मंडी सचिव ध्रुव चौधरी के माध्यम से मंडी सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ को प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में व्यापारियों ने मंडी समिति द्वारा लागू की गई नई ऐप व्यवस्था का विरोध जताते हुए कहा कि इसे व्यापारी संगठनों से बिना परामर्श किए अनिवार्य किया गया है। उनका आरोप है कि यह व्यवस्था तकनीकी रूप से जटिल होने के साथ व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी डाल रही है।
व्यापारियों ने मंडी समिति द्वारा दुकानों के मासिक किराए में प्रतिवर्ष पांच प्रतिशत की स्वतः वृद्धि किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि कृषि उत्पादों के मूल्यों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच यह वृद्धि व्यापारियों के लिए असहनीय होती जा रही है। उन्होंने इस प्रावधान को तत्काल समाप्त करने तथा वर्ष 2010 के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही बी-क्लास सहित अन्य श्रेणी की दुकानों में बढ़ाए गए किराए को वापस लेने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन में ऑनलाइन पोर्टल और मंडी ऐप की तकनीकी खामियों का भी उल्लेख किया गया। व्यापारियों ने बताया कि मंडी टैक्स जमा करने के बावजूद ऑनलाइन बकाया राशि प्रदर्शित होती है। सर्वर बार-बार डाउन रहने से टोल पर्ची, प्रवेश और भुगतान संबंधी कार्य प्रभावित होते हैं। इसके अलावा लेनदेन का रियल-टाइम विवरण उपलब्ध न होने से पारदर्शिता की कमी बनी हुई है।
जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने मंडी सचिव से आग्रह किया कि व्यापारियों की सभी मांगों को तत्काल जिलाधिकारी जौनपुर, कृषि मंत्री उत्तर प्रदेश तथा मंडी सचिव उत्तर प्रदेश तक पहुंचाया जाए।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी, प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर तथा नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि 19 जून को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपकर शासन और प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है। उनका कहना है कि वर्तमान व्यवस्था व्यापार और व्यापारियों के हितों के विपरीत है तथा इसमें शीघ्र आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रामकुमार साहू, नगर महामंत्री मुन्नालाल अग्रहरि, संजय केडिया, संतोष साहू, विजय अग्रहरी, ज्ञानेन्द्र साहू, सुरेश सोनकर, आनन्द साहू, वेदप्रकाश गुप्ता, योगेश साहू, विजय जायसवाल, यशवंत साहू, रितेश गुप्ता, चंदन जायसवाल, आशीष कुमार, गुलजारी लाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights