विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पर सपा विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज


प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक विवादित पोस्ट को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंशुमान सिंह की शिकायत पर साइबर पुलिस ने समाजवादी पार्टी के रानीगंज विधायक आरके वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि विधायक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भाजपा सांसद कंगना रनौत, सयानी घोष तथा प्रधानमंत्री की तस्वीरों वाला एक पोस्टर साझा करते हुए आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की थी। पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights