जौनपुर: शाही किले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास योग को दैनिक जीवन में अपनाने का लिया संकल्प, उत्कृष्ट प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित
👉 

जौनपुर। शासन के निर्देशानुसार जनपद के ऐतिहासिक शाही किला प्रांगण में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।
पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह-राज्य प्रभारी अचल हरिमूर्ति के निर्देशन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं व्यायाम कराए गए। योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत गर्दन, कंधों एवं कमर संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु सरल व्यायामों के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, उत्तानपादासन, शशकासन, मकरासन एवं भुजंगासन का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया तथा शांति पाठ के साथ आयोजन का समापन हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री ने कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग बनाने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने बताया कि 15 जून से योग सप्ताह के तहत जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की प्रेरणा से देश और प्रदेश में योग के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
राज्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसे ऋषि-मुनियों ने मानव कल्याण के लिए विकसित किया था। प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 200 से अधिक देशों में लोग नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर जनपद के सभी विकास खंडों में भी योग शिविरों का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था, जहां प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर योग के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी किया गया। वहीं योग प्रशिक्षकों द्वारा उत्कृष्ट योगाभ्यास का प्रदर्शन किया गया। योग दिवस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों को जनप्रतिनिधियों द्वारा अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।