जौनपुर: ट्यूलिप हॉस्पिटल में मरीज की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, वाराणसी-लखनऊ मार्ग किया जाम पुलिस के समझाने पर शांत हुए परिजन, अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप
👉
जौनपुर। शहर के नईगंज स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला मरीज की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने शनिवार रात जमकर हंगामा किया और वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी गेना देवी (50), पत्नी अशोक कुमार सरोज, को सीने में दर्द की शिकायत होने पर तीन दिन पूर्व ट्यूलिप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप था कि आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार का लाभ मिलने के बावजूद उनसे अतिरिक्त रूप से नकद धनराशि भी ली गई। इसी बात को लेकर उन्होंने सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, शहर कोतवाल अनीता सिंह तथा चौकी प्रभारी सरायपोख्ता राहुल रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं परिजन अस्पताल प्रशासन पर अतिरिक्त धनराशि वसूलने का आरोप लगाते रहे।
अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।