पहचान छिपाकर की शादी, फिर प्रताड़ना के बाद युवती की मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

👉
रीवा/प्रयागराज। रीवा जिले की रहने वाली 20 वर्षीय गोल्डी साकेत की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती के पति ने अपनी पहचान छिपाकर उससे शादी की और बाद में उसे लगातार प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। परिवार इसे हत्या का मामला बता रहा है।
मृतका की मां बेबी साकेत के अनुसार, उनकी बेटी गोल्डी हैदराबाद की एक बिस्किट फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं उसकी पहचान प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार निवासी साहिल उर्फ प्रिंस से हुई थी। बताया गया कि करीब तीन वर्ष पहले दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। साहिल ने अपना नाम प्रिंस बताया था, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
परिजनों के मुताबिक करीब छह माह पूर्व दोनों ने हैदराबाद के एक मंदिर में विवाह कर लिया। बाद में गोल्डी को पता चला कि प्रिंस का वास्तविक नाम साहिल खान है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, लेकिन बाद में साहिल ने उसे समझाकर मस्जिद में निकाह भी कर लिया।
मां का आरोप है कि शादी के बाद साहिल और उसके परिवार के लोग गोल्डी को प्रताड़ित करने लगे। बेबी साकेत का कहना है कि उनकी बेटी फोन पर रोते हुए बताती थी कि उसके साथ मारपीट की जाती है और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया जाता है। वह छिप-छिपकर फोन कर अपनी पीड़ा साझा करती थी।
परिजनों का आरोप है कि कुछ समय बाद गोल्डी का संपर्क अचानक टूट गया। इसके बाद उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली। परिवार का कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल मामले को लेकर संबंधित पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights