सपा सांसद ने धार्मिक हस्तियों की राजनीतिक नेताओं से तुलना को बताया अनुचित, कहा- ऐसे बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफी मांगी जाए


संभल। समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की तुलना हजरत इमाम हुसैन से किए जाने संबंधी बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक हस्तियों की तुलना किसी राजनीतिक नेता से करना पूरी तरह अनुचित है और ऐसे बयान देने वालों को माफी मांगनी चाहिए।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन का स्थान पूरी इंसानियत के लिए अत्यंत सम्माननीय है और दुनिया का कोई भी व्यक्ति उनके मुकाम तक नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि चाहे कोई राजनीतिक नेता हो, आम नागरिक हो या स्वयं वह हों, कोई भी हजरत इमाम हुसैन के बराबर नहीं है।
बर्क ने कहा कि राजनीति में नेताओं को सोच-समझकर बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानियां, उनका चरित्र और उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे में उनकी तुलना किसी राजनीतिक व्यक्ति या चुनावी प्रतिस्पर्धा से करना उचित नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि उनके साथ जुड़ा कोई व्यक्ति भी इस तरह का बयान देता, तो वह स्वयं उसकी निंदा करते। उनका मानना है कि राजनीति को हजरत इमाम हुसैन के आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेनी चाहिए, लेकिन किसी राजनीतिक नेता की तुलना उनसे करना गलत है।
सांसद बर्क ने संबंधित बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां वापस ली जानी चाहिए और बयान देने वालों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
गौरतलब है कि हाल ही में मुरादाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान हाफिज वारिस ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की तुलना हजरत इमाम हुसैन से की थी। साथ ही राजनीतिक विरोधियों की तुलना यजीद, नमरूद और फिरौन से किए जाने का भी दावा किया गया था। इसी बयान को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights