श्रावस्ती में मोहर्रम जुलूस के वायरल वीडियो पर मचा बवाल, पुलिस ने बताया भ्रामक


श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में मोहर्रम से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है। वायरल वीडियो को इकौना थाना परिसर के अंदर मोहर्रम जुलूस और ‘या हुसैन’ के नारों से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई और मामले को लेकर लोगों द्वारा सवाल उठाए जाने लगे। कुछ लोगों ने सरकारी परिसर में कथित धार्मिक आयोजन और नारेबाजी को लेकर आपत्ति जताते हुए जांच की मांग भी की।
हालांकि, पुलिस प्रशासन ने वायरल दावों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। इस संबंध में देर रात DSP इकौना आलोक कुमार सिंह ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही जानकारी तथ्यात्मक रूप से गलत है।
DSP ने स्पष्ट किया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति ने थाना भवन या थाना परिसर के अंदर प्रवेश नहीं किया था। उनके अनुसार, मोहर्रम का आयोजन क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करने पहुंचे थे। इसी दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक दावों के साथ प्रसारित किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights