तबादला रद्द होने के बाद अब MDA सचिव बने ब्रजेश कुमार सिंह 15 मई को सीतापुर हुआ था तबादला, नया अफसर चार्ज लेने पहुंचा; बाद में आदेश निरस्त, अब मेरठ विकास प्राधिकरण में मिली अहम जिम्मेदारी

मेरठ। प्रशासनिक गलियारों में अपर जिलाधिकारी (ADM) ब्रजेश कुमार सिंह को लेकर घटनाक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है। ब्रजेश कुमार सिंह का 15 मई को मेरठ से सीतापुर तबादला किया गया था। इसके बाद नए अधिकारी ने मेरठ पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी, लेकिन ब्रजेश कुमार सिंह ने तत्काल चार्ज नहीं छोड़ा।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह बाद जारी हुई नई तबादला सूची में ब्रजेश कुमार सिंह का स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया। इसके बाद मेरठ में चार्ज लेने पहुंचे नए अधिकारी को भी अन्य जिले में भेज दिया गया।
अब प्रशासनिक स्तर पर एक और महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए ब्रजेश कुमार सिंह को मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) का सचिव नियुक्त किया गया है। ब्रजेश कुमार सिंह जून 2023 से मेरठ में तैनात हैं।
तबादले के आदेश के बाद उसका निरस्त होना और इसके बाद मेरठ विकास प्राधिकरण जैसे महत्वपूर्ण पद पर जिम्मेदारी मिलना प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।