कांस्य पदक विजेता रोहित यादव का डीएम ने किया सम्मान2028 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतना लक्ष्य, डीएम ने ग्रामीण प्रतिभाओं को सुविधाएं देने का दिया भरोसा

जौनपुर। एशियाई खेल-2026 की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाने वाले मछलीशहर तहसील क्षेत्र के अदारी डिभिया गांव निवासी खिलाड़ी रोहित यादव और उनके पिता सभाजीत यादव को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने रविवार को जनसुनवाई कक्ष में सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने दोनों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं पुस्तक भेंट कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि रोहित यादव की सफलता उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके पिता ने शुरुआती दौर में जिस तरह बेटे का साथ दिया, वह बेहद प्रेरणादायी है। रोहित की उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
रोहित यादव ने अपनी संघर्ष यात्रा साझा करते हुए बताया कि उनके पिता ने गांव में बांस के ऊपरी हिस्से को काटकर उनका पहला भाला तैयार किया था। इसी से उन्होंने शुरुआती अभ्यास किया। वर्ष 2019 में नेशनल कैंप पटियाला से जुड़ने के बाद उनके खेल करियर को नई दिशा मिली और उन्होंने लगातार मेहनत करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
रोहित ने कहा कि एशियाई खेलों में जीता कांस्य पदक उनके पिता के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब उनका लक्ष्य 2028 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करना और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में देश और जिले का नाम और ऊंचा करना चाहते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। मिनी स्टेडियमों के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर अभ्यास की सुविधा देने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर, एथलेटिक्स कोच कृष्ण यादव, कुश्ती कोच अशोक सोनकर, हैंडबॉल कोच निलेश यादव समेत अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे।