जौनपुर में पुलिस मुठभेड़, शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली; तमंचा और बाइक बरामद


जौनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवढ़िया और जलालपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार देर रात एक शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भागने की कोशिश की।
सूचना मिलने पर नेवढ़िया और जलालपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान अरविंद राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान महेश यादव उर्फ छोटू निवासी महरेवां, थाना जलालपुर के रूप में बताई गई है।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।