ई-रिक्शा में महिला के पर्स से लाखों के जेवरात चोरी, मुकदमा दर्ज


जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा से सफर कर रही एक महिला के पर्स से लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव निवासी भावना तिवारी पत्नी चंद्र प्रकाश तिवारी ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 22 जून को दोपहर करीब 12 बजे सिपाहा चौराहे पर पहुंची थीं। वहां से वह ई-रिक्शा द्वारा बदलापुर पड़ाव के लिए रवाना हुईं।
पीड़िता के अनुसार, उसी दौरान पांच महिलाएं अपने दो बच्चों के साथ उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं। इनमें से दो महिलाएं नकाब पहने थीं और सफर के दौरान संदिग्ध गतिविधियां कर रही थीं। उनकी हरकतों के कारण उनका ध्यान भटक गया।
आरोप है कि इसी दौरान महिला चोरों के गिरोह ने उनके पर्स में रखी सोने की चेन, सोने की अंगूठी और कान की बाली चोरी कर ली। जब वह बदलापुर पड़ाव पहुंचीं तो देखा कि उनके पर्स का मुंह खुला हुआ था और उसमें रखे जेवरात गायब थे।
घटना की सूचना उसी दिन पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा संदिग्ध महिलाओं की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights