ई-रिक्शा में महिला के लाखों के जेवर पार, तीन दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा


जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा से सफर कर रही एक महिला के बैग से लाखों रुपये मूल्य के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने तीन दिन बाद मुकदमा दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव निवासी भावना तिवारी, पत्नी चंद्र प्रकाश तिवारी, अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 22 जून को अपने मायके तेजीबाजार क्षेत्र के गढ़ाबगराय जा रही थीं। दोपहर में वह सिपाह चौराहे पर पहुंचीं और वहां से बदलापुर पड़ाव जाने के लिए ई-रिक्शा पर सवार हुईं।
पीड़िता के अनुसार उसी दौरान पांच महिलाएं दो बच्चों के साथ उसी ई-रिक्शा में बैठ गईं। इनमें से दो महिलाएं नकाब पहने हुए थीं। सफर के दौरान कुछ महिलाएं लगातार असामान्य हरकतें करती रहीं, जिससे उनका ध्यान भटक गया।
भावना तिवारी का आरोप है कि इसी दौरान उनके पर्स में रखी सोने की चेन, अंगूठी और कान की बाली चोरी कर ली गई। जब वह बदलापुर पड़ाव पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि उनके पर्स का मुंह खुला हुआ है और उसमें रखे जेवर गायब हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसी दिन शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। हालांकि उनका आरोप है कि पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया और उन्हें लगातार तीन दिनों तक कोतवाली के चक्कर लगाने पड़े। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights