जौनपुर: न्यू सुदामा हॉस्पिटल में सफल जटिल सर्जरी, महिला के पेट से निकाला गया 10 किलो का ट्यूमर


जौनपुर। नगर के रसूलाबाद स्थित न्यू सुदामा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में चिकित्सकों ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 40 वर्षीय महिला के पेट से लगभग 10 किलोग्राम वजन का ट्यूमर निकालकर उसे नया जीवन देने में सफलता हासिल की।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, मुफ़्तीगंज क्षेत्र के निशान गांव निवासी सविता (40), पत्नी मुन्ना, लंबे समय से पेट दर्द और असामान्य सूजन की समस्या से परेशान थीं। जांच में उनके पेट में अत्यधिक बड़े आकार का ट्यूमर पाए जाने पर चिकित्सकों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया।
गुरुवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लगभग तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद सफलतापूर्वक ट्यूमर निकाल दिया। चिकित्सकों के अनुसार, निकाले गए ट्यूमर का वजन करीब 10 किलोग्राम था। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
इस जटिल सर्जरी को सफल बनाने वाली टीम में डॉ. नेहा गुप्ता, डॉ. प्रियंका साहू, डॉ. आशीष गुप्ता, डॉ. रवि गुप्ता, डॉ. निखिल साहू तथा ओटी असिस्टेंट प्रदीप यादव शामिल रहे। वहीं स्वास्थ्यकर्मी काजल, सुप्रिया और आरती ने भी ऑपरेशन और मरीज की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों के समन्वित प्रयास से इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मरीज के परिजनों ने चिकित्सकों और अस्पताल की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके परिवार के लिए राहत और खुशी का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights