जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, गैंग लीडर समेत चार गिरफ्तार

जौनपुर। जिले में अवैध असलहों की तस्करी करने वाले एक गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को थाना केराकत, गौराबादशाहपुर पुलिस, स्वाट/एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह का कथित सरगना शैलेश यादव घायल हो गया, जबकि उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, मोहर्रम पर्व के मद्देनज़र चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान सूचना मिली कि बगधरी नहर पुलिया के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर चार संदिग्ध बदमाश केराकत की ओर भाग रहे हैं। सूचना के आधार पर मल्लूपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। पुलिस का दावा है कि रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शैलेश यादव के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है। मौके से 3 देशी पिस्टल, 10 तमंचे, कारतूस, दो मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी शैलेश यादव के विरुद्ध हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट सहित जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में 16 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपी करन यादव के खिलाफ भी पूर्व से आपराधिक मामला दर्ज बताया गया है।
घायल शैलेश यादव को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरामदगी के आधार पर थाना केराकत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस गिरोह के नेटवर्क और उसके अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है।