CTET परीक्षा देकर लौट रहे युवक-युवती की बोलेरो की टक्कर से मौत


जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के गांगौली बाजार में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों CTET परीक्षा देकर घर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान लिटिल वर्मा (24) पुत्र सियाराम वर्मा, निवासी गांगौली, थाना सरपतहां तथा नेहा वर्मा (23) पुत्री संतराम वर्मा, निवासी करनपुर, थाना लंभुआ, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लिटिल वर्मा अपनी रिश्तेदार नेहा वर्मा को बाइक से CTET परीक्षा दिलाने ले गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद बुधवार दोपहर करीब एक बजे दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांगौली बाजार में सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सरपतहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights