अपना दल (एस) के कार्यकर्ता लखनऊ में जुटेंगे, सोनेलाल पटेल जयंती पर जन स्वाभिमान दिवस में भागीदारी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से अपना दल (एस) के हजारों कार्यकर्ता गुरुवार, 2 जुलाई को लखनऊ में आयोजित सोनेलाल पटेल की जयंती पर ‘जन स्वाभिमान दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यकर्ता बस, ट्रेन और निजी चारपहिया वाहनों से लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं।
राजातालाब क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेवापुरी विधानसभा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। आराजीलाईन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं प्रदेश सचिव पंचायत मंच डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि कार्यक्रम में कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री आशीष पटेल का समर्थन करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से पहले सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में जन चौपाल और ‘हर घर झंडा’ अभियान भी चलाया गया, जिसके माध्यम से लोगों को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है। इस दौरान डॉ. नरेंद्र पटेल, सियाराम पटेल, अनिल पटेल, रामसिंह वर्मा, मानस सिंह और कमलेश गुप्ता समेत कई कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से समर्थन की अपील की और आगामी चुनाव में जीत का संकल्प दोहराया।