सहारनपुर मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा, 15 जुलाई तक स्वीकृति और 15 अगस्त तक शिलान्यास के निर्देश


सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सहारनपुर मंडल में लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माणाधीन कार्यों एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा की। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने विधानसभावार प्राप्त विकास प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सांसद एवं विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्राथमिकता स्वयं तय करें, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्ययोजनाओं को 15 जुलाई, 2026 तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जाए। साथ ही, आगामी 15 अगस्त तक सभी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर कार्य प्रारंभ कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रत्येक कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हो सके। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।