राम मंदिर ट्रस्ट की 6 जुलाई को अहम बैठक, चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर होगी वोटिंग

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आगामी बैठक 6 जुलाई को प्रस्तावित है, जिसमें महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। ट्रस्ट के बायलॉज के अनुसार, इन इस्तीफों को स्वीकार करने के लिए दो-तिहाई बहुमत आवश्यक होगा।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के नियमों में किसी पदाधिकारी को केवल उसके पद और दायित्व से मुक्त करने का प्रावधान है। ऐसे में यदि चंपत राय को महासचिव पद से और अनिल मिश्रा को ट्रस्टी पद से हटाया भी जाता है, तो वे ट्रस्ट के आजीवन सदस्य बने रहेंगे। यही व्यवस्था अन्य पदाधिकारियों पर भी लागू होती है।
वर्तमान में ट्रस्ट के 14 सदस्यों में से दो सदस्य पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं, ऐसे में बैठक में 12 ट्रस्टियों की राय के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावा गड़बड़ी के मामले के बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दिया था। ट्रस्ट की ओर से कहा गया था कि वह सभी रामभक्तों के प्रतिनिधि के रूप में मामले की निष्पक्ष जांच और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, चंपत राय के समर्थन में उनके परिजन और स्थानीय लोग भी सामने आए हैं। उनका कहना है कि चंपत राय पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।