अखिलेश यादव के जन्मदिन पर जौनपुर में सपाइयों का संकल्प, सामाजिक न्याय व पर्यावरण संरक्षण पर जोर

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर जौनपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। नगर स्थित मंगलम लॉन में आयोजित इस समारोह में 11 किलो का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया और 111 पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी विचारधारा लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रेम, दया और आपसी भाईचारे के माध्यम से पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को जोड़कर सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा मिली है।
उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी के आह्वान पर 1 जुलाई से 7 जुलाई तक जनपद के प्रत्येक बूथ पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाने की अपील की गई। साथ ही अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु और शतायु जीवन की कामना की गई।
इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, भाईचारे, संविधान की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराया। सभी ने एक स्वर में 2027 में पीडीए सरकार बनाने और समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीराम यादव, राजनारायण बिंद, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, श्रद्धा यादव, वरिष्ठ नेता लालचंद यादव, शकील अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।