बिहार पीसीएस में चयनित कीर्ति यादव सम्मानित, जौनपुर का बढ़ाया मान

जौनपुर। जनपद के जलालपुर क्षेत्र के रेहटी बनपुरवा गांव की निवासी कीर्ति यादव के बिहार पीसीएस में आपूर्ति निरीक्षण अधिकारी पद पर चयन होने पर उन्हें त्रिलोचन महादेव बाजार में विनय वर्मा के नेतृत्व में सम्मानित किया गया।
बताया जाता है कि कीर्ति यादव की प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा सीएचएस (बीएचयू) से हुई है, जबकि उन्होंने स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में पूरी की है।
कीर्ति यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता सुशीला यादव को दिया। उन्होंने बताया कि उनके गुरुजनों, भाई और बहन का भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने आगे बताया कि उनका अगला लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करना है, जिसके लिए वे पूरी लगन और समर्पण के साथ तैयारी कर रही हैं।
साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली कीर्ति यादव की यह सफलता जिले के उन सभी छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला रखते हैं।
इस अवसर पर जनपद की प्रतिभावान गायिका विदुषी वर्मा ने अपने आवास पर उन्हें माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी चंदन सेठ, सुदर्शन मिश्रा, मयंक पटेल, संगम जायसवाल एवं अशोक यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।