आगरा में सनसनीखेज वारदात: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, 45 दिन बाद खुलासा


आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति की हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और करीब 45 दिनों तक उसके लापता होने का नाटक करती रही।
मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी रूबी ने 26 मई को सुरेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को एक अन्य मामले में पूछताछ के लिए जब पुलिस टीम रूबी के घर पहुंची, तो उसके व्यवहार पर संदेह हुआ। इसी दौरान मृतक के भाई द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर घर की तलाशी ली गई। बाथरूम के फर्श पर शक होने पर खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने कथित रूप से हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया, ऊपर से प्लास्टर कराया और बाद में नई टाइल्स लगवा दीं, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इस घटना को स्वीकार करने की बात कही है।
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।
आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights