साइबर सेल की बड़ी सफलता: 3.60 करोड़ के 1,791 मोबाइल बरामद, 151 फोन मालिकों को सौंपे गए

जौनपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए जौनपुर पुलिस ने एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। साइबर क्राइम थाना और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अब तक कुल 1,791 गुमशुदा मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 60 लाख रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंपे जा चुके हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें साइबर क्राइम थाना और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही सहित अन्य जनपदों से भी प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी मोबाइल फोन रिकवर किए गए हैं।
बरामद मोबाइल फोन में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग जैसी प्रमुख कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तत्काल संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही CEIR पोर्टल पर शिकायत अवश्य दर्ज करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। इसके अलावा नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क से भी संपर्क किया जा सकता है।
बरामदगी में शामिल प्रमुख टीम: प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना महेश पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सेल सत्य प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक नीलम सिंह, आलोक कुमार सिंह सहित साइबर क्राइम थाना के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जनपद के सभी थानों की साइबर सेल में तैनात पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड या मैसेज पर क्लिक न करें। बैंक संबंधी जानकारी केवल अधिकृत स्रोत से ही प्राप्त करें। किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर TeamViewer, AnyDesk या Quick Support जैसे रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल न करें और किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, एम-पिन या यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। साथ ही ध्यान रखें कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी यूपीआई पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती।
खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए जौनपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।