सुंदरता के जाल में फंसाकर लूटपाट: नोएडा पुलिस ने हाई-प्रोफाइल गैंग का किया पर्दाफाश


नोएडा। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवतियों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवतियों की पहचान निधि यादव, प्रियंका यादव और रिया यादव के रूप में हुई है। ये तीनों सोशल मीडिया और फर्जी फ्रेंडशिप क्लब के जरिए युवकों से संपर्क करती थीं। पहले दोस्ती का भरोसा जीतती थीं, फिर उन्हें मिलने के बहाने सुनसान स्थानों पर बुलाया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, तय जगह पर पहले से मौजूद गिरोह के अन्य सदस्य—ओमवीर यादव, मंजेश यादव और पंकज यादव—अचानक पहुंच जाते थे। इसके बाद पीड़ितों के साथ मारपीट कर उनसे नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूट लिया जाता था।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था और इसी तरीके से कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। कई पीड़ित बदनामी और सामाजिक शर्म के डर से शिकायत दर्ज नहीं कराते थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार अपराध करते रहे।
पुलिस ने बताया कि लूट से कमाए गए पैसों से आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर समेत अन्य महंगी गाड़ियां खरीदीं और आलीशान जीवनशैली जी रहे थे।
फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights