जौनपुर में पुलिस मुठभेड़: 5 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, एक घायल
जौनपुर: जिले के जलालपुर और केराकत थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अभियुक्त पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को संदिग्धों की सूचना मिली थी, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त की पहचान सोनल वर्मा, निवासी बीरमपुर (केराकत) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 8 तमंचे, 1 देसी रिवॉल्वर, कई जिंदा कारतूस तथा 2 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
फिलहाल सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।