“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार, 12 जुलाई 2026 को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महानिदेशक मत्स्य एवं जनपद में नामित नोडल अधिकारी श्रीमती धनलक्ष्मी के० जी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।
अपने संबोधन में धनलक्ष्मी के० जी ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का दायित्व भी निभाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि शासन द्वारा संचालित यह अभियान जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। यदि सभी लोग लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करें, तो प्रदेश का हरित आवरण तेजी से बढ़ेगा और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में उन्होंने सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर समाज और पर्यावरण के लिए अमूल्य धरोहर सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, डीएफओ, जिला विकास अधिकारी, रजिस्ट्रार पूर्वांचल विश्वविद्यालय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights