इंदौर में परिवार पर हमला: दो आरोपी हिरासत में, वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई

इंदौर। शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित कलेक्टर चौराहे पर एक परिवार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फरियादी द्वारा आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके आधार पर अन्य साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि रविवार रात आरोपियों ने खुद को नाबालिग बताते हुए दबंगई दिखाई और कार का कांच तोड़ते हुए परिवार पर हमला कर दिया था।
घटना के दौरान एक आरोपी द्वारा कांच तोड़ने की घटना भी सामने आई है, जो बाद में पुलिस के साथ थाने पहुंचा। इस पूरी घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि इसी तरह की एक घटना कुछ दिन पूर्व भी सामने आ चुकी है। लगातार दोहराई जा रही ऐसी वारदातों से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। वहीं, पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।