जौनपुर जंक्शन के विकास की मांग तेज, दिनेश टंडन ने रेलवे अधिकारियों को सौंपे सुझाव

जौनपुर। जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने शहर के रेलवे ढांचे को आधुनिक बनाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की है। उन्होंने वाराणसी से आए उत्तर रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक (सीएमआई) रामनिवास यादव से मुलाकात कर जौनपुर जंक्शन के विकास से जुड़े अहम सुझाव सौंपे और उन्हें रेल मंत्री व उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
दिनेश टंडन ने कहा कि जौनपुर जैसे ऐतिहासिक और व्यापारिक शहर में रेलवे सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। उन्होंने जौनपुर जंक्शन पर रेलवे यार्ड, वॉशिंग सेंटर, शेडिंग सुविधा और साइडिंग रैक की व्यवस्था किए जाने की मांग रखी। उनका कहना था कि इन सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय व्यापार, कृषि और उद्योग को नई गति मिलेगी और व्यापारियों के साथ किसानों व उद्यमियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में सब्जी-फल व्यापार समिति के महामंत्री एवं प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर ने भी जौनपुर जंक्शन पर यार्ड, वॉशिंग सेंटर और शेडिंग सुविधा जल्द शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने ‘मां शीतला एक्सप्रेस’ नाम से जौनपुर को प्रमुख व्यावसायिक शहरों से जोड़ने वाली नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी रखा।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने कहा कि रेलवे की उपेक्षा के चलते जौनपुर का प्रसिद्ध चमेली सुगंधित तेल उद्योग प्रभावित हो रहा है। वहीं नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल और सब्जी-फल व्यापार समिति के अध्यक्ष राजमणि यादव ने जौनपुर जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग दोहराई।
इस दौरान बैठक में संतोष अग्रहरि, छब्बूलाल सोनकर, रामकुमार साहू, सुरेश सोनकर, नरसिंह अवतार जायसवाल, रामआसरे मौर्य, रत्तीलाल सोनकर, आशीष माली, पप्पू सोनकर, बाबाजी, विजय सोनकर, राकेश जायसवाल, यशवंत साहू, चंदन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।