आगरा होटल विवाद: पत्नी को कथित प्रेमी संग देख पति का हंगामा, पुलिस जांच में जुटी
आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को कथित प्रेमी के साथ देख लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ने पहले उसके खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर वह हर माह ₹30 हजार गुजारा भत्ता दे रहा है। उसका कहना है कि महिला अपनी बेटी को सहेली के घर छोड़कर कथित प्रेमी के साथ होटल पहुंची थी। संदेह होने पर उसने पत्नी का पीछा किया और होटल में दोनों को एक साथ पकड़ लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
वहीं, महिला की ओर से भी अपने पक्ष में अलग दावे किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।