घाघरा किनारे मगरमच्छ का कहर: 12 वर्षीय मासूम को बनाया निवाला, गांव में मातम

बहराइच।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव में घाघरा नदी के किनारे मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय मासूम सुनील सिंह की मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सुनील सिंह गुरुवार को अपने चाचा के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। काम खत्म होने के बाद वह घाघरा नदी के किनारे-किनारे घर लौट रहा था। इसी दौरान नदी के किनारे मौजूद एक मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले मगरमच्छ मासूम को नदी की ओर खींच ले गया। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
परिजनों के अनुसार, सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई और परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद अनाथ बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर आंख नम है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सुनील माधवपुरवा करेहना विद्यालय में कक्षा 6 का छात्र था। इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से घाघरा नदी के किनारे मगरमच्छों की निगरानी बढ़ाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।