मतदेय स्थलों के सम्भाजन पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता, निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
जौनपुर। आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के सम्भाजन (पुनर्गठन) से संबंधित सुझावों एवं शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजि
त की गई।
बैठक में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन से जुड़ी सभी आपत्तियों और सुझावों पर बिंदुवार चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का परीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक हो, वहां नियमानुसार संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और सभी आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मतदेय स्थलों का सम्भाजन इस प्रकार किया जाए कि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी बन सके।
बैठक में शाहगंज विधायक रमेश सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।